दलित परिवार पर हमला,आगजनी व मारपीट,कई घायल

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

जिले के हरी नगर गांव में पासवान समाज के लोगों पर बकाया मजदूरी मांगने पर जातिसूचक गाली,मारपीट,घर में घुसकर हमला व आगजनी की गंभीर घटना हुई है।
पीड़ित कैलाश पासवान ने बताया कि केरल में मजदूरी करने के बाद भी लगभग दो लाख रुपये बकाया नहीं दिया गया। जब उन्होंने पैसा मांगा तो आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। 30 जनवरी की शाम हेमंत झा,श्रीनाथ झा,अमित झा एवं जगन्नाथ झा ने घर में घुसकर महिलाओं सहित परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की,31 जनवरी की सुबह दर्जनों लोगों ने सामूहिक हमला कर घरों में तोड़फोड़ की तथा दुकान में आग लगा दी। घटना में कई लोग घायल हुए हैं,जिनमें अविनाश पासवान और विक्रम पासवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होते हुए डीएमसीएच रेफर किया गया है। जैसे ही घटना की जानकारी दलित चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरु जी को मिली,वे तुरंत डीएमसीएच पहुँचे और सभी घायलों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने दूरभाष पर बिरौल डीएसपी को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और सभी घायलों को इलाज हेतु अस्पताल भेजा। पीड़ित परिवार एवं पासवान समाज में भारी दहशत का माहौल है। कई परिवार घर छोड़ने को मजबूर हैं। पीड़ितों ने नामजद व अज्ञात आरोपियों पर एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।