दरभंगा में इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर प्रशासन सख़्त, 69 परीक्षा केंद्रों पर होगी कदाचारमुक्त परीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 02 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक दरभंगा जिला अंतर्गत कुल 69 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

इस संबंध में प्रेक्षागृह, दरभंगा में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी एवं जोनल दंडाधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई।

परीक्षा का कार्यक्रम

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी

 प्रथम पाली: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक
द्वितीय पाली: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक

परीक्षा केंद्रों का अनुमंडलवार वितरण इस प्रकार है

जिला मुख्यालय सहित कुल: 69 केंद्र
बेनीपुर अनुमंडल: 03 केंद्र
बिरौल अनुमंडल मुख्यालय: 10 केंद्र

सख़्त दिशा-निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी केंद्राधीक्षक, वीक्षक एवं कर्मी प्रत्येक परीक्षा दिवस को सुबह 7:00 बजे अनिवार्य रूप से केंद्र पर उपस्थित रहेंगे। वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति रेंडमाइजेशन के माध्यम से की जाएगी। परीक्षा अवधि में केवल अधिकृत कर्मियों को ही केंद्र परिसर में रहने की अनुमति होगी।

परीक्षार्थियों को जूता एवं मौजा के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश केवल निर्धारित समय तक ही मान्य होगा
प्रथम पाली: सुबह 9:00 बजे तक
द्वितीय पाली: दोपहर 1:30 बजे तक

निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा संचालन के दौरान प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक की तैनाती,एक कक्ष में न्यूनतम दो वीक्षक,
त्रिस्तरीय सघन तलाशी व्यवस्था ,महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा प्रवेश द्वार बंद करने की वीडियोग्राफी,केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सुनिश्चित किए जाएंगे।

कदाचार पर पूर्ण प्रतिबंध

मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं किसी भी प्रकार की अनधिकृत सामग्री परीक्षा केंद्र में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। मीडिया कर्मियों का प्रवेश भी वर्जित रहेगा। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।