फार्मर रजिस्ट्री को लेकर डीएम कौशल कुमार सख्त, मिशन मोड में काम करने का निर्देश,
एग्रीस्टैक परियोजना के तहत जिले में 2 फरवरी से लगेगा विशेष कैम्प
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर समाहरणालय स्थित प्रेक्षागृह में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में अब तक पंजीकृत किसानों की स्थिति की समीक्षा करना एवं शेष किसानों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी किसान सलाहकारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन किसानों का अब तक फार्मर आईडी नहीं बना है, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर फार्मर रजिस्ट्री कराई जाए। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी से जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष कैम्प आयोजित कर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जाएगा, जिसमें सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी सक्रिय भूमिका निभाएँगे।
डीएम ने कहा कि जिन किसानों की जमाबंदी अब तक नहीं बनी है, उनके लिए जमाबंदी आवेदन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए, ताकि फार्मर रजिस्ट्री में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट कार्य योजना बनाकर मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुँचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने कृषि समन्वयकों, तकनीकी सहायकों एवं किसान सलाहकारों से आपसी समन्वय के साथ अधिक से अधिक सुपात्र किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि जिले में फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।
बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित सभी सहायक निदेशक, अनुमंडल एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, तकनीकी सहायक, विशेष सर्वेक्षण अमीन, किसान सलाहकार, कार्यपालक सहायक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।