मुजफ्फरपुर में नहर में गिरी कार,

बिजली विभाग के जेई समेत दो की मौत

दस्तक 7मीडिया ,दीपक कुमार।

मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एकमा चौक के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां वैशाली नहर में डूबी एक कार से दो युवकों के शव बरामद किए गए। मृतकों में बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) सनी कुमार और विभागीय कर्मी अफजल शामिल हैं।जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अज्ञात समय पर एक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। रातभर वाहन नहर के पानी में डूबा रहा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने एकमा चौक स्थित नहर पुल के नीचे पानी में डूबी कार का कुछ हिस्सा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना देवरिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार का दरवाजा खोले जाने पर अंदर दो युवक अचेत अवस्था में मिले। दोनों को बाहर निकालकर जांच की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दोनों की मौत डूबने से हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।