31 जनवरी को दरभंगा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद, सभी तैयारियाँ पूरी
31 जनवरी को दरभंगा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद, सभी तैयारियाँ पूरी
31 जनवरी को दरभंगा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद, सभी तैयारियाँ पूरी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में भूमि से जुड़ी आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन 31 जनवरी को लहेरियासराय स्थित ऑडिटोरियम सह आर्ट गैलरी में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री, बिहार सरकार श्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे।
जन कल्याण संवाद के दौरान उपमुख्यमंत्री आम नागरिकों की भूमि संबंधी समस्याओं को सीधे सुनेंगे तथा मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समाधान सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी द्वारा नेहरू स्टेडियम एवं पोलो मैदान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता (राजस्व) एवं डीसीएलआर को रजिस्ट्रेशन काउंटर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपमुख्यमंत्री के निर्देशानुसार संवाद कार्यक्रम के लिए प्रत्येक अंचल हेतु दो-दो रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए जाएंगे। कुल 21 काउंटर पोलो मैदान में स्थापित किए जाएंगे।
• एक काउंटर पर दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं मापी से संबंधित मामलों का पंजीकरण होगा।
• दूसरे काउंटर पर भूमि विवाद, अतिक्रमण एवं अन्य सभी प्रकार की शिकायतों के आवेदन लिए जाएंगे।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक काउंटर पर दूसरे अंचल के कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि आवेदकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो।
आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन प्रातः 9:00 बजे से 11:00 बजे तक अंचलवार काउंटरों पर किया जाएगा। इसके उपरांत 11:00 बजे से लहेरियासराय स्थित ऑडिटोरियम सह आर्ट गैलरी में जन कल्याण संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।