28 फरवरी–1 मार्च को दरभंगा में सजेगा मिथिला लोक उत्सव, लोक कला-संस्कृति की दिखेगी भव्य झलक
28 फरवरी–1 मार्च को दरभंगा में सजेगा मिथिला लोक उत्सव, लोक कला-संस्कृति की दिखेगी भव्य झलक
28 फरवरी–1 मार्च को दरभंगा में सजेगा मिथिला लोक उत्सव, लोक कला-संस्कृति की दिखेगी भव्य झलक
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
मिथिला की समृद्ध लोक परंपरा, कला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से मिथिला लोक उत्सव 2025–26 का आयोजन आगामी 28 फरवरी एवं 1 मार्च 2026 को किया जाएगा। इसको लेकर समाहरणालय, दरभंगा में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्सव की रूपरेखा, आयोजन स्थल, गतिविधियाँ एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ ऑडिटोरियम, दरभंगा में आयोजित की जाएँगी, जबकि खेल एवं अन्य गतिविधियाँ नेहरू स्टेडियम, पोलो मैदान में संपन्न होंगी।
उत्सव के दौरान मिथिला की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही सर्व भाषा कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें अलग-अलग भाषाओं के कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से सांस्कृतिक एकता का संदेश देंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के इच्छुक कलाकार 16 फरवरी 2026 तक ऑडिटोरियम, दरभंगा में अपना आवेदन जमा करेंगे। कार्यक्रम में नौकायन प्रतियोगिता, कबड्डी प्रतियोगिता सहित कई आकर्षक सांस्कृतिक गतिविधियाँ होंगी। साथ ही, सभी विभागों द्वारा अपने-अपने सूचना एवं प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएँगे।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि उत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें मंच और पहचान मिल सके। इसके अलावा, दीवारों पर मिथिला पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे पारंपरिक मिथिला चित्रकला को नया आयाम मिल सके।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियाँ समयबद्ध, समन्वित एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि मिथिला लोक उत्सव 2025–26 को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जा सके।
बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता वृषभानु चंद्रा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार सहित सदस्य कमलाकांत झा, नवीन सिन्हा, जितेंद्र कुमार सिंह एवं राम बुझावन यादव उपस्थित थे।