31 जनवरी को दरभंगा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सुनेंगे आम लोगों की समस्याएं, राजस्व कार्यों की होगी गहन समीक्षा
31 जनवरी को दरभंगा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सुनेंगे आम लोगों की समस्याएं, राजस्व कार्यों की होगी गहन समीक्षा
31 जनवरी को दरभंगा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद,
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सुनेंगे आम लोगों की समस्याएं, राजस्व कार्यों की होगी गहन समीक्षा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी सेवाओं को आम लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से 31 जनवरी 2026 को दरभंगा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम ऑडिटोरियम सह आर्ट गैलरी, लहेरियासराय, दरभंगा में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग विजय कुमार सिन्हा करेंगे। मौके पर विभाग के प्रधान सचिव श्री सी.के. अनिल, सचिव श्री जय सिंह सहित राजस्व मुख्यालय के वरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
पहली पाली में आम जनता से सीधा संवाद
भूमि सुधार जन कल्याण संवाद की प्रथम पाली पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें आम नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएंगी।
इस दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित राजस्व विभाग से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं से जुड़ी शिकायतों और आवेदनों पर चर्चा होगी।
चयनित आवेदनों की अंचल-वार समीक्षा मौके पर की जाएगी, जिसमें अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी आवेदनकर्ता के सामने बैठकर समस्या का समाधान करेंगे। इस सत्र में सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं अमीन की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
09 से 11 बजे तक होगा आवेदनकर्ताओं का पंजीकरण
आवेदनकर्ताओं का पंजीकरण सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक ऑडिटोरियम में अंचल-वार बनाए गए दो काउंटरों पर किया जाएगा।
आवेदन में अंचल का नाम, आवेदक का नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा, ताकि आगे की कार्रवाई की सूचना एसएमएस के माध्यम से दी जा सके।
यदि किसी समस्या को लेकर पहले आवेदन दिया गया हो, तो उसकी प्रति भी संलग्न करने की अपील की गई है। सभी प्राप्त आवेदनों को जन शिकायत पोर्टल पर अपलोड कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
दूसरी पाली में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
अपराह्न 3:30 बजे से 6:00 बजे तक दूसरी पाली में राजस्व विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित होगी।
बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी और अमीन शामिल होंगे।
इस दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी और अभियान बसेरा-2 की प्रगति की आंकड़ों के साथ समीक्षा की जाएगी।
अवकाश निरस्त, उपस्थिति अनिवार्य
माननीय उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं उपार्जित अवकाश को छोड़कर पूर्व में स्वीकृत सभी अवकाश निरस्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
भूमि विवाद कम करने की दिशा में बड़ा कदम
उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य भूमि अभिलेखों को अद्यतन कर भूमि विवादों में कमी, प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
उन्होंने आमजनों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भूमि सुधार से जुड़े कार्यों के लिए किसी को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होने दिया जाएगा।