भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा,Apple Vision Pro के जरिए लोगों ने अनुभव किया भूकंप का ‘वर्चुअल’ मंजर, सीखे बचाव के गुर

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) के तत्वावधान में आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा’ के तहत बुधवार को अनुमंडल मुख्यालय परिसर में एक अनूठा और तकनीकी रूप से उन्नत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अत्याधुनिक तकनीक Apple Vision Pro रहा, जिसके माध्यम से लोगों को भूकंप के दौरान होने वाली हलचल और उससे बचाव के उपायों का जीवंत अनुभव कराया गया। आमतौर पर आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग मौखिक या पोस्टरों के माध्यम से दी जाती है, लेकिन इस बार प्रशासन ने ‘मिक्सड रियलिटी’ का सहारा लिया। Apple Vision Pro पहनकर लोगों ने एक आभासी वातावरण में यह देखा कि भूकंप आने पर घर या कार्यालय के भीतर क्या स्थिति होती है और खुद को सुरक्षित रखने के लिए किन सुरक्षित कोनों या फर्नीचर का सहारा लेना चाहिए। इस डिजिटल प्रदर्शन में अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय बिरौल के कर्मियों, स्थानीय अधिवक्ताओं और भारी संख्या में आए आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कार्यस्थल पर भूकंप के समय Drop, Cover and Hold On’ यानी झुको,ढको,पकड़ो की प्रक्रिया को वर्चुअली समझा। इन्होंने तकनीक के इस प्रयोग को काफी सराहा और माना कि देख कर सीखना, सुनने की तुलना में अधिक प्रभावी है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बताया कि बिहार का एक बड़ा हिस्सा भूकंप के लिहाज से संवेदनशील जोन में आता है। ऐसे में नई पीढ़ी और आम जनता को तकनीक के माध्यम से शिक्षित करना बेहद जरूरी है ताकि आपदा के समय जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।जब तकनीक और जागरूकता का संगम होता है, तो समाज किसी भी आपदा से लड़ने के लिए अधिक सशक्त बनता है।