यूजीसी बिल पर घमासान, शिक्षित युवाओं का बढ़ता आक्रोश, सत्ताधारी दल के सांसदों और विधायकों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

दस्तक7मिडिया, दरभंगा।

भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘यूजीसी बिल’ को लेकर देश के शिक्षित युवाओं और विशेष समुदायों के भीतर पनप रहा असंतोष अब एक बड़े राजनीतिक संकट का रूप लेता दिख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के प्रति अपनी ही विचारधारा से जुड़े वर्गों में ‘भीतर ही भीतर’ पनप रहा यह आक्रोश आने वाले समय में सत्ताधारी दल के लिए बड़ी चुनौती पेश कर सकता है।
इस विरोध की सबसे खास बात यह है कि इसका नेतृत्व किसी राजनैतिक दल के बजाय शिक्षित युवाओं के हाथों में है। युवाओं का मानना है कि बिल के कुछ प्रावधान उनके शैक्षिक भविष्य और करियर की स्थिरता पर प्रहार कर रहे हैं। सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी सभाओं के माध्यम से रणनीति तैयार की जा रही है। युवाओं का यह वर्ग अब सड़को पर उतरने और सीधे सवाल पूछने की तैयारी में है।
खबरों के मुताबिक, इस मुद्दे पर सबसे ज्यादा दबाव उन सांसदों और विधायकों पर है जो खुद उच्च समुदायों से ताल्लुक रखते हैं और भाजपा या गठबंधन सरकार का हिस्सा हैं।
जनप्रतिनिधियों को अपने ही निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों के कड़े सवालों और विरोध का सामना करना पड़ सकता है। जातिगत समीकरणों और समान विचारधारा वाले समूहों के भीतर इस नाराजगी ने जनप्रतिनिधियों को ‘धर्मसंकट’ में डाल दिया है—एक तरफ पार्टी का अनुशासन है और दूसरी तरफ अपने ही आधार मतदाता की नाराजगी।
युवाओं को डर है कि यूजीसी के ढांचे में बदलाव से उच्च शिक्षा की स्वायत्तता और उनकी डिग्रियों की साख प्रभावित हो सकती है।
बिल के दूरगामी परिणामों को लेकर युवाओं के बीच संशय है, जिसे सरकार स्पष्ट करने में अब तक विफल रही है। प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि इतने महत्वपूर्ण बदलाव से पहले संबंधित पक्षों और युवाओं से सीधा संवाद नहीं किया गया। “यदि समय रहते सरकार ने इस ‘साइलेंट’ आक्रोश को संबोधित नहीं किया, तो यह नाराजगी यूपी विधानसभा में चुनावी समीकरणों को बिगाड़ने की क्षमता रखती है। विशेषकर उन राज्यों में जहां उच्च समुदाय और शिक्षित युवा वर्ग राजनीति की दिशा तय करते हैं।
यह खबर केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक बड़े सामाजिक मंथन का संकेत है। सरकार के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती इस वर्ग को विश्वास में लेने की होगी।