समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने किया सिंड्रेला इंगलिश स्कूल की साइंस प्रदर्शनी का उद्घाटन

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा 

 

सिंड्रेला इंगलिश स्कूल में विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए साइंस एंड मैथमेटिक्स एग्ज़िबिशन का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में विज्ञान और गणित के प्रति रुचि पैदा करना तथा उन्हें प्रयोग के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने किया। इस अवसर पर सम्मानित अतिथि के रूप में शिक्षाविद अजय किशोर,खेल अधिकारी जितेंद्र सिंह,स्कूल की मुख्य ट्रस्टी मधुलिका श्रीवास्तव तथा दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर एवं डायरेक्टर चंदन कुमार उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्वागत किया गया। प्रदर्शनी में स्कूल के विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने विज्ञान और गणित से जुड़े कई प्रकार के कार्यशील वर्किंग और स्थिर स्टैटिक मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट को बहुत ही सरल और रोचक तरीके से समझाया,जिसे देखकर सभी आगंतुक काफी प्रभावित हुए। विज्ञान खंड में पर्यावरण संरक्षण,सौर ऊर्जा,जल संरक्षण,आगजनी से बचाव,स्वास्थ्य से जुड़े मॉडल और तकनीकी विकास पर आधारित प्रोजेक्ट खास आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा इंस्पायर मानक योजना के अंतर्गत तैयार किए गए प्रोजेक्ट दर्शकों के लिए विशेष रुचि का विषय बने। गणित खंड में विद्यार्थियों ने सूत्रों,आकृतियों और दैनिक जीवन में गणित के उपयोग को मॉडल के माध्यम से समझाया। प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक प्रदर्शनियाँ विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयोगी होती हैं। इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच,आत्मविश्वास और नई चीज़ें सीखने की इच्छा बढ़ती है,जो उनके भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होती है। विद्यालय के निदेशक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विज्ञान और गणित केवल किताबों तक सीमित विषय नहीं हैं। प्रयोग,मॉडल और गतिविधियों के माध्यम से इन विषयों को आसान और रोचक बनाया जा सकता है। वहीं प्रधानाचार्य पवन कुमार रॉय ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में अभिभावक,शिक्षक और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की मेहनत,सोच और प्रस्तुति की खुलकर सराहना की। खास बात यह रही कि दरभंगा में पहली बार साइंस के साथ-साथ मैथ की संयुक्त प्रदर्शनी देखने को मिली,जिसे लोगों ने काफी पसंद किया और इसे एक सराहनीय पहल बताया।