16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लोकतंत्र की मजबूती का संकल्प, अनुमंडल कर्मियों ने ली शपथ
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लोकतंत्र की मजबूती का संकल्प, अनुमंडल कर्मियों ने ली शपथ
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लोकतंत्र की मजबूती का संकल्प, अनुमंडल कर्मियों ने ली शपथ
दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में जन-सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज 25 जनवरी 2026 को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बिरौल अनुमंडल कार्यालय परिसर में एक विशेष शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अवर निर्वाचन पदाधिकारी, बिरौल, श्री प्रजीव नारायण भागेश्वर ने की। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में अनुमंडल के सभी अधिकारियों और कर्मियों ने सामूहिक रूप से मतदाता शपथ ली। उपस्थित कर्मियों ने संकल्प लिया कि हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
शपथ ग्रहण के उपरांत कर्मियों को संबोधित करते हुए अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रजीव नारायण भागेश्वर ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करना और चुनावी प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक सजग मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होता है।
उन्होंने अनुमंडल कर्मियों को प्रेरित किया कि वे स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने आस-पास के लोगों और विशेषकर युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए ‘ब्रांड एंबेसडर’ के रूप में कार्य करें। मौके पर विजय श्रीवास्तव,अरविंद प्रसाद, नबाव सरवर अली, शहबाज आलम, नीतीश कुमार,सपना सेनगुप्ता, अशोक पासवान, अमरदीप कुमार, संजीव कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।