हेकॉक इंस्टिट्यूशन में महिला थाना की पहल, नारी सशक्तीकरण को लेकर जागरूकता सभा आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

लहेरियासराय स्थित हेकॉक इंस्टिट्यूशन विद्यालय परिसर में महिला थाना, लहेरियासराय की ओर से नारी सशक्तीकरण एवं महिला सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण और सुरक्षा उपायों की जानकारी देना था।

सभा को संबोधित करते हुए महिला थाना अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं का सशक्त होना केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और कानून की पूरी जानकारी होना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं और उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध, बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसे मामलों में लागू कानूनों की जानकारी दी और बताया कि ऐसी किसी भी स्थिति में महिलाएं बिना भय के महिला थाना से संपर्क कर सकती हैं।

महिला थाना अध्यक्ष ने यह भी बताया कि आपातकालीन सहायता नंबर, महिला हेल्पलाइन, 112, 181 सहित अन्य सरकारी सुविधाएं महिलाओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास विकसित करने और किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्थानीय लोगों की भी उपस्थिति रही। उपस्थित लोगों ने महिला थाना की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता पैदा करते हैं।