शोक में डूबा बिरौल का सुपौल बाजार,सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद सरस्वती प्रतिमा विसर्जन जुलूस स्थगित,

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर, आदर्श नगर क्षेत्र
में उस वक्त मातम पसर गया, जब उमेश सहनी के युवा पुत्र विशाल सहनी की एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस हृदयविदारक घटना ने न केवल पीड़ित परिवार को बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। युवक की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। पर इस दुःखद घड़ी में मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सुपौल पंचायत के पुराना थाना चौक और आदर्श नगर की सरस्वती पूजा समितियों ने एक बड़ा निर्णय लिया है। इस क्षेत्र के पूजा समितियों ने सर्वसम्मति से मां सरस्वती की प्रतिमा के विसर्जन जुलूस को स्थगित कर दिया और सभी सदस्यों ने मौन धारण कर प्रतिमा को तालाब में जल प्रभा कर दिया। मालूम हो कि सुपौल बाजार के हाटगाछी की सरस्वती पूजा हर वर्ष अपने भव्य आयोजन और आकर्षक विसर्जन जुलूस के लिए पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय रहती है। यहां का उत्साह देखते ही बनता था, लेकिन इस वर्ष हादसे के गम ने उल्लास की जगह सन्नाटा पसार दिया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव का एक चिराग बुझ गया हो, ऐसे में गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकालना उचित नहीं है।

अन्य क्षेत्रों में विसर्जन जारी–

जहां एक ओर सुपौल बाजार में शोक के कारण जुलूस न निकालने का निर्णय लिया, वहीं प्रखंड के अन्य क्षेत्रों में प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही। हालांकि, इस घटना का असर पूरे बिरौल के माहौल पर देखा जा रहा है। इधर सुपौल पंचायत के पूर्व मुखिया शत्रुघ्न सहनी, सनोज नायक,रामचंद्र सहनी,चौधरी सहनी,बलराम सहनी, रविन्द्र पौद्दार, विनोद चौधरी,उपेन्द्र गाड़ा सहित दर्जनों लोगों कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। पूजा समिति ने जुलूस स्थगित कर जो एकजुटता दिखाई है, वह काबिले तारीफ है। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह अपर पुलिस अधीक्षक प्रभाकर तिवारी, थानाध्यक्ष चन्द्र मणि, बीडीओ प्रदीप कुमार झा,सीओ आदित्य शंकर दल बल के साथ सुपौल बाजार में भ्रमणशील रहकर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थे।