सरस्वती पूजा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन ने दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल को किया प्रतिनियुक्त

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा और आगामी विसर्जन जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में, अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। ड्यूटी पर तैनात होते ही श्री झा ने सक्रियता दिखाते हुए बिरौल थाना क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने न केवल सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया, बल्कि धरातल पर उतरकर पूजा समितियों से सीधा संवाद भी स्थापित किया।
बीडीओ ने पूजा समिति के सदस्यों के साथ बातचीत की और उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से उत्सव मनाने के निर्देश दिए। विसर्जन जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए रूट और समय सीमा पर विशेष चर्चा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि हुड़दंग करने वाले या अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर है। दुसरी ओर थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने विभिन्न चौक चौराहों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है।