भक्ति के रंग में रंगा गौराबौराम, 251 कन्याओं की कलश यात्रा से गूंजा मिश्रौलिया

दस्तक7मिडिया, गौड़ा बौराम, दरभंगा।

बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर आज गौराबौराम प्रखंड का नारी पंचायत पूरी तरह भक्ति के सागर में सराबोर नजर आया। मौका था मिश्रौलिया गांव में आयोजित भव्य सरस्वती पूजा का, जिसकी शुरुआत 251 कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश शोभा यात्रा से हुई। हाथों में पवित्र कलश और मन में मां शारदे के प्रति अटूट श्रद्धा लिए इन कन्याओं ने पूजा स्थल से करीब 7 किलोमीटर दूर डथुवाडीह स्थित कमला नदी तक का सफर पैदल तय किया। नदी से पवित्र जल भरकर जब यह यात्रा पुनः गांव की ओर बढ़ी, तो पूरे रास्ते मां सरस्वती के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
पूजा समिति के अध्यक्ष बीपी यादव और सचिव श्याम यादव ने स्थानीय प्रशासन के नियमों का सम्मान करते हुए एक सराहनीय पहल की।इस कलश शोभायात्रा में डीजे का प्रयोग नहीं किया गया, जिससे पर्व की पवित्रता और शांति बनी रही। गांव के प्रबुद्ध और गणमान्य व्यक्तियों ने कदम से कदम मिलाकर कन्याओं का उत्साहवर्धन किया।कलश स्थापना के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां सरस्वती की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। आयोजकों ने बताया कि मिश्रौलिया में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जहां पूरा गांव एकजुट होकर विद्या की देवी की आराधना करता है।