समस्तीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रोसड़ा हत्या कांड की फरार अभियुक्त रंभा देवी के घर हुई कुर्की-जब्ती

दस्तक7मिडिया,कुशेश्वरस्थान/समस्तीपुर।

समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में हुए एक चर्चित हत्या मामले (कांड संख्या 233/24) में पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने पर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रही मुख्य अभियुक्त रंभा देवी (पति, लालबाबू सिंह) के घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया।
रोसड़ा थाना से आए एस.आई. सुभाष चंद्र मंडल के नेतृत्व में यह कार्रवाई दरभंगा जिला अंतर्गत कुशेश्वरस्थान थाना के ग्राम घोड़सर में की गई। पुलिस पदाधिकारी श्री मंडल के अनुसार,अभियुक्त रंभा देवी हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रही थी। पुलिस ने पहले उस पर आत्मसमर्पण करने के लिए कानूनी दबाव बनाया और नोटिस भी चस्पा किया, लेकिन अभियुक्त ने न्यायालय के आदेशों को अनसुना कर दिया।
माननीय रोसड़ा अनुमंडल न्यायालय के आदेश पर गुरुवार को दरभंगा जिला के कुशेश्वरस्थान पुलिस के सहयोग और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियुक्त के घर की कुर्की की गई। घर के भीतर मौजूद सभी घरेलू सामग्री और कीमती सामान को जब्त कर लिया गया। रोसड़ा थाना के एस आई सुभाष चंद्र मंडल ने बताया कि “कानून से ऊपर कोई नहीं है। अभियुक्त को सरेंडर करने का पर्याप्त मौका दिया गया था, लेकिन आदेश का उल्लंघन करने पर कुर्की की कार्रवाई की गई है।”
कार्रवाई पूरी होने के बाद, पुलिस ने जब्त की गई सभी सामग्रियों की सूची बनाकर उसे स्थानीय कुशेश्वरस्थान थाना के सुपुर्द कर दिया है। इस कार्रवाई में रोसड़ा थाना के पीएस आई मनीषा भारती, कुशेश्वरस्थान थाना के अजीत टोटो सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।