सिंहवाड़ा प्रखंड में सामुदायिक नेतृत्व आधारित आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर PRI प्रशिक्षण आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड स्थित सद्भावना सभागार में पंचायती राज संस्थाओं (PRI) के प्रतिनिधियों के लिए समुदाय नेतृत्व आधारित आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में खतरा, संवेदनशीलता एवं जोखिम आकलन (HVRA) तथा ग्राम आपदा प्रबंधन योजना (VDMP) की तैयारी पर विशेष फोकस किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन आपदा प्रबंधन विभाग, दरभंगा, पंचायती राज विभाग, दरभंगा, रिलायंस फाउंडेशन एवं अदिथि संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर आपदा जोखिम की समझ को सुदृढ़ करना, स्थानीय आपदाओं एवं खतरों की पहचान करना तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी से प्रभावी ग्राम आपदा प्रबंधन योजना तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान बाढ़, अगलगी, भूकंप जैसी स्थानीय आपदाओं, उनसे जुड़ी संवेदनशीलताओं तथा संभावित जोखिमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षण में आपदा जोखिम की अवधारणा, HVRA की प्रक्रिया, VDMP की संरचना एवं उसके व्यावहारिक पक्षों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। VDMP के अंतर्गत संसाधन मानचित्रण, सुरक्षित आश्रय स्थलों की पहचान तथा भूमिकाओं एवं दायित्वों पर आधारित व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। साथ ही VDMP को ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड एवं पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों, PRI सदस्यों, कार्यपालक सहायकों, पंचायत सचिवों सहित अन्य संबंधित हितधारकों की सक्रिय भागीदारी रही। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्राम स्तर पर आपदा तैयारी, आपसी समन्वय तथा जोखिम न्यूनीकरण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

इस अवसर पर राजस्व अधिकारी, सिंहवाड़ा, प्रखंड संयोजक, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, रिलायंस फाउंडेशन के राज्य कार्यक्रम अधिकारी एवं अदिथि संस्था के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।