वर्चुअल रियलिटी के माध्यम से दिया जा रहा है भूकंप से बचाव का प्रशिक्षण

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में दरभंगा जिले में 15 से 28 जनवरी 2026 तक “भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा” मनाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1934 में 15 जनवरी को आए भीषण भूकंप में इस क्षेत्र के बड़े हिस्से एवं जनसंख्या को भारी क्षति हुई थी। उसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में आमजन को भूकंप से बचाव के प्रति जागरूक करने हेतु यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

इस वर्ष जिले में भूकंप सुरक्षा जागरूकता हेतु 180 स्थलों पर फ्लेक्स लगाए गए हैं तथा आम जनमानस के बीच पेम्फलेट का वितरण किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी प्रखंडों के चिन्हित विद्यालयों में स्थायी रूप से प्रतिनियुक्त एसडीआरएफ टीम एवं विभाग से संबद्ध गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से मॉक ड्रिल एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।

जिले के सिंहवाड़ा एवं हनुमाननगर प्रखंड में प्राधिकरण द्वारा प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों के बीच टूल किट का वितरण किया गया है।
साथ ही पॉलिटेक्निक कॉलेज, दरभंगा में अवस्थित भूकंप-रोधी मकानों के मॉडलों का भ्रमण भी कराया गया।

जिले के सभी अंचलों के प्रमुख स्थलों पर एलईडी स्क्रीन युक्त जागरूकता रथ का परिचालन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से भूकंप सुरक्षा से संबंधित वीडियो का प्रसारण किया जा रहा है।

इन कार्यक्रमों की श्रृंखला का मुख्य आकर्षण वर्चुअल रियलिटी (VR) सेट के माध्यम से लोगों को भूकंप आपदा की वास्तविक अनुभूति कराना तथा उससे बचाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी प्रणव राज सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।