सरस्वती पूजा को लेकर लहेरियासराय थाने में शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/संवाददाता।

लहेरियासराय थाना परिसर में बुधवार को आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा आयोजन से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि पूजा पंडालों में तेज आवाज में गाना बजाने पर रोक रहेगी तथा डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अश्लील गाने बजाने वाली पूजा समितियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी समितियों को पंडालों में केवल भक्ति गीत बजाने की सलाह दी गई। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की समय-सीमा सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित की गई है, इसके बाद गाना बजाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही पंडालों में बिजली कनेक्शन लगाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया, ताकि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की कोई घटना न हो।

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि लहेरियासराय थाना क्षेत्र की कुल 15 पूजा समितियों द्वारा लाइसेंस के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी पंडालों का भौतिक सत्यापन कर लाइसेंस निर्गत किया जाएगा। प्रतिमा विसर्जन के जुलूस मार्गों का भी लाइसेंस में उल्लेख रहेगा और निर्धारित रूट से ही विसर्जन करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान पंडालों के आसपास नियमित रूप से पुलिस गश्त करेगी, वहीं सादे लिबास में भी पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

बैठक में भाजपा नेता अशोक नायक, मुन्ना खान, लड्डन खां, वार्ड संख्या 35 के पार्षद संतोष ठाकुर, अरविंद कुमार, डॉ. राहुल रंजन, सुनील कुमार महासेठ, बंगाली टोला निवासी रंजीत कुमार झा, विष्णु चंद पप्पू, जितेंद्र कुमार भानु, अंजनी राम, दीपक पंजियार, रमन कुमार महतो सहित दर्जनों शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।