बेनीपुर व्यवहार न्यायालय के नये भवन में शुरू हुआ न्यायिक कार्य, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश  शिव गोपाल मिश्र ने किया शुभारंभ

दस्तक 7मीडिया ,बेनीपुर /विधि संवाददाता 

बेनीपुर व्यवहार न्यायालय के नये भवन में आज से विधिवत न्यायिक कार्य की शुरुआत हो गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव गोपाल मिश्र ने न्यायिक कार्यों का शुभारंभ करते हुए सभी न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह नवनिर्मित न्यायालय भवन बेनीपुर अनुमंडलीय क्षेत्र के लोगों के लिए एक अमूल्य धरोहर है। साथ ही उन्होंने न्यायालय भवन एवं परिसर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सभी से साझा करने की अपील की।

पीडीजे श्री मिश्र ने न्यायिक कर्मचारियों को भी बधाई देते हुए कहा कि नये भवन में नयी ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें, ताकि आम लोगों को बेहतर और त्वरित न्याय मिल सके।

गौरतलब है कि पांच मंजिला इस नये न्यायालय भवन का उद्घाटन पूर्व में पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों द्वारा किया जा चुका था, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से अब तक यहां न्यायिक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका था।

नये भवन के दूसरे मंजिल पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश का कैम्प कोर्ट, एसीजेएम एवं एसडीजेएम का न्यायालय संचालित होगा, जबकि तीसरी मंजिल पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय एवं मुंसिफ का न्यायालय अवस्थित है।

एसीजेएम न्यायालय में बहस के बाद बाहर निकलते हुए अधिवक्ता इंद्र कांत झा ने नये भवन में न्यायिक कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम माधवेन्द्र सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय ऋषि गुप्ता, एसीजेएम संगीता रानी, एसडीजेएम अनुराग तिवारी, सिविल जज रोहित कुमार गुप्ता सहित वरीय अधिवक्ता अब्दुल राजिक उर्फ नन्हें, पूर्व महासचिव सुशील कुमार चौधरी, अमित कुमार, मृत्युंजय मृणाल, विकास पासवान, उमेश झा, प्रवीन सिंह समेत दर्जनों अधिवक्ता उपस्थित रहे।