मदारपुर में एमबीए छात्र ने की आत्महत्या, बेरोजगारी से था परेशान,मुहल्ले में शोक की लहर 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मदारपुर में सोमवार रात एक एमबीए छात्र ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर  ली,इस खबर के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया। मृतक की पहचान बैंक अधिकारी रमन राय के 26 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ डब्बू के रूप में हुई है। लाश को पुलिस ने बरामद कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

परिजनों के अनुसार, सोमवार को शाम ढलते ही करीब छः -सात बजे अपने मकान की दूसरी मंजिल स्थित कमरे में अभिषेक गया था। करीब आठ बजे रात के करीब  जब परिजन उसे खाने के लिए बुलाने पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब उसने दरवाजा नहीं खोला  तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया । कमरे के अंदर घुसते ही  पंखे से मफलर के सहारे अभिषेक का शव लटका हुआ था जिससे देखकर चीख पुकार होने लगी।

सूचना मिलते ही लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि अभिषेक ने करीब तीन वर्ष पहले एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी, लेकिन अब तक उसे नौकरी नहीं मिल पाई थी। बेरोजगारी के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में रहता था। बताया गया कि उसका छोटा भाई नीतीश कुमार बीपीएससी से शिक्षक बन चुका है। मृतक अविवाहित था।

वहीं थानाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।