आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जनता दरबार, आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान पर दिया गया विशेष जोर।

20 से अधिक आवेदकों की समस्याओं की हुई सुनवाई,प्राप्त परिवादों का सात दिनों में निष्पादन सुनिश्चित करें – आयुक्त

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल  हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों के समाधान हेतु जनता दरबार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त परिवादों की सुनवाई की गई तथा उनके त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष बल दिया गया।

जनता दरबार के क्रम में आयुक्त  ने दरभंगा प्रमंडल के संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्राप्त परिवादों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी मामलों से संबंधित प्रतिवेदन अधिकतम सात दिनों के भीतर जन शिकायत कोषांग, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।

आयुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

आज आयोजित जनता दरबार में कुल 20 से अधिक परिवादों की सुनवाई की गई, जिनमें से कई मामलों का विभागीय स्तर पर मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उल्लेखनीय है कि जनता दरबार में शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, श्रम संसाधन विभाग तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग से संबंधित परिवादी उपस्थित हुए। आयुक्त महोदय द्वारा सभी आवेदकों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक एवं गंभीरता से सुना गया तथा प्रत्येक मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

प्रशासन द्वारा आयोजित जनता दरबार आम नागरिकों एवं प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम सिद्ध हो रहा है, जिससे जन समस्याओं का पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।