जिले में सरस्वती पूजा को लेकर कई थाना में  शांति समिति की बैठकें आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में आगामी सरस्वती पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर आज दिनांक 18 जनवरी 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं।

जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमालपुर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल की अध्यक्षता में थानाध्यक्ष जमालपुर द्वारा शांति समिति की बैठक की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं पूजा समिति के अध्यक्ष–सचिव उपस्थित रहे। इस दौरान पूजा, विसर्जन, कलश शोभा यात्रा तथा डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में कमतौल थाना में आज दिनांक 18.01.2026 को सदर थानाध्यक्ष, वाजितपुर थानाध्यक्ष, अलीनगर थानाध्यक्ष, नेहरा थानाध्यक्ष एवं कमतौल थानाध्यक्ष द्वारा अपने-अपने थाना परिसरों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। वहीं हायाघाट थानाध्यक्ष द्वारा कल्याणपुर थानाध्यक्ष के साथ संयुक्त रूप से बैठक की गई। इन बैठकों में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं पूजा समिति के सदस्यों को पूजा आयोजन, विसर्जन प्रक्रिया, कलश शोभा यात्रा एवं डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त बहादुरपुर थाना एवं मोरो थाना में भी संबंधित थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थाना परिसरों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरस्वती पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने तथा डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

पुलिस प्रशासन ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने, प्रशासन का सहयोग करने एवं किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।