आंगनवाड़ी केंद्र पर जीविका दीदियों द्वारा निर्मित पोशाक वितरण समारोह आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा

 खाजासराय स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–32 में जीविका दीदियों द्वारा निर्मित आंगनवाड़ी बच्चों के लिए पोशाक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों को उच्च गुणवत्ता की यूनिफॉर्म उपलब्ध कराना एवं स्थानीय महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर जीविका से अशोक रंजन प्रसाद, महिला पर्यवेक्षिका रिंकू कुमारी तथा आंगनवाड़ी सेविका किरण कुमारी उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने कहा कि जीविका दीदियों द्वारा पोशाक निर्माण ‘महिला सशक्तिकरण’ एवं ‘आत्मनिर्भर बिहार’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी पहल है। इससे एक ओर जहां बच्चों को समय पर सुंदर एवं गुणवत्तापूर्ण पोशाकें उपलब्ध हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

समारोह के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–32 के कुल 25 बालक-बालिकाओं के बीच उत्साहपूर्वक पोशाक का वितरण किया गया। बच्चों में नई पोशाक पाकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा विभाग की ओर से बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित योजनाओं स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सेविका, स्थानीय अभिभावक एवं समुदाय के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से बच्चों एवं उनके अभिभावकों में हर्ष एवं संतोष का वातावरण देखने को मिला।