अलीनगर के लगमा में ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ का भव्य आगाज़, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने किया दीप प्रज्वलन
दस्तक7मिडिया, अलीनगर, दरभंगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में दरभंगा जिला अंतर्गत अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के लगमा ग्राम स्थित जगदीश नारायण ब्रह्मचर्य आश्रम में ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ का अत्यंत भव्य और प्रेरणादायी शुभारंभ हुआ। एक दिवसीय इस कार्यक्रम का विधिवत आरंभ मुख्य अतिथि, संघ के माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी, श्रीश्री 108 श्री कृष्ण मोहन दास, ब्रह्मचारी (बौआ भगवान) एवं पूज्य संत-महात्माओं द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने जोर दिया कि यह सम्मेलन सनातन संस्कृति के संरक्षण, राष्ट्रीय चेतना के जागरण और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस दौरान अलीनगर का लगमा ग्राम भक्ति और राष्ट्रभक्ति के संगम का साक्षी बना। सम्मेलन में भारी संख्या में श्रद्धालु और प्रबुद्ध जन उपस्थित थे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य– सनातन संस्कृति का गौरव बढ़ाना, राष्ट्रीय चेतना को जागृत करना, सामाजिक समरसता को और अधिक सशक्त बनाना। यह सम्मेलन राष्ट्रवाद और सामाजिक एकता को नई दिशा देने का संकल्प है। यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणा का एक महान स्रोत रहा। मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद गोपालजी ठाकुर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह सनोज नायक, सत्येन्द्र सिंह सहित संघ के कई गणमान्य अधिकारी मौजूद थे।
