पुलिस अवर निरीक्षक प्रारंभिक लिखित परीक्षा को लेकर डीएम ने की ब्रीफिंग, जिला मुख्यालय के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
पुलिस अवर निरीक्षक प्रारंभिक लिखित परीक्षा को लेकर डीएम ने की ब्रीफिंग, जिला मुख्यालय के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
पुलिस अवर निरीक्षक प्रारंभिक लिखित परीक्षा को लेकर डीएम ने की ब्रीफिंग,
जिला मुख्यालय के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय स्थित भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में पुलिस अवर निरीक्षक पदों पर नियुक्ति हेतु आयोजित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर सभी केंद्राधीक्षक, जोनल दंडाधिकारी एवं स्टेटिक दंडाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस अवर निरीक्षक पदों के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा 18 जनवरी (रविवार) एवं 21 जनवरी 2026 (बुधवार) को जिला मुख्यालय के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
• प्रथम पाली : पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक
• द्वितीय पाली : अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक
उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी सर्विलांस, केंद्राधीक्षक के नियंत्रण कक्ष में हॉटलाइन (VoIP) फोन की व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय फोटोग्राफी, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट, परीक्षा के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी।
जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। परीक्षा का संचालन स्वच्छ, निष्पक्ष, कदाचारमुक्त एवं कुशलतापूर्वक सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि केंद्राधीक्षक समय पर प्रशिक्षण बैठक आयोजित कर परीक्षा में प्रतिनियुक्त वीक्षकों एवं कर्मियों को आयोग द्वारा जारी निर्देश पुस्तिका के अनुसार दायित्वों से अवगत कराएंगे।
परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त सभी वीक्षक एवं कर्मी पूर्वाह्न 07:30 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
प्रत्येक 24 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक तथा प्रत्येक 120/125 परीक्षार्थियों पर एक अतिरिक्त वीक्षक/रिलीवर की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था 24 या उसके गुणकों में की जाएगी।
केंद्राधीक्षक द्वारा परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया की लगातार वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी, जिसमें गोपनीय सामग्री के सील खोलने से लेकर परीक्षा समाप्ति के बाद पैकिंग तक की प्रक्रिया शामिल होगी।
अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय—
• प्रथम पाली : पूर्वाह्न 08:30 बजे
• द्वितीय पाली : अपराह्न 01:00 बजे
परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केंद्र/कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वैध प्रवेश-पत्र एवं फोटो पहचान-पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रवेश द्वार पर स्टेटिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिसकर्मी एवं महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी द्वारा की जाएगी।
परीक्षा अवधि 02 घंटे की होगी। अंतिम 30 मिनट में किसी भी परीक्षार्थी को शौचालय जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा प्रारंभ होने के बाद प्रवेश तथा परीक्षा समाप्ति से पूर्व बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।
ब्रीफिंग बैठक में अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण) राजेश कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, नजारत उपसमाहर्ता पवन कुमार, डीपीओ शिक्षा अवधेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।