लहेरियासराय में वाहन जांच के दौरान भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद, एक युवक गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलबागंज स्थित इमाम वाड़ी के पास पुलिस द्वारा की जा रही नियमित वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच के क्रम में पुलिस ने एक युवक के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान धोनु कुमार, पिता लालन बैठा, निवासी बेलबागंज, थाना लहेरियासराय, जिला दरभंगा के रूप में की गई है। वाहन जांच के दौरान जब पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली तो उसके पास से (1) Pyeevon Spas Plus की 356 पीस टैबलेट तथा (2) Pentazocine के 120 पीस इंजेक्शन बरामद किए गए।

बरामद नशीली दवाओं को जब्त कर लिया गया है और आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये नशीली दवाएं अवैध रूप से बिक्री अथवा तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही थीं।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत विधिवत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आगे की जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी इन नशीली दवाओं को कहां से लाया था और इन्हें कहां सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।