भाजपा नेता संजय सिंह ‘पप्पू सिंह’ ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात, अलीनगर के विकास कार्यों पर हुई चर्चा

दस्तक7मिडिया, पटना।

दरभंगा जिला पूर्वी भाजपा के महामंत्री संजय सिंह ‘पप्पू सिंह’ ने गुरुवार को पटना स्थित आवास पर बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने उपमुख्यमंत्री को नववर्ष और मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान संजय सिंह ने अलीनगर विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं और लंबित विकास परियोजनाओं की ओर उपमुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। मुलाकात के उपरांत संजय सिंह ‘पप्पू सिंह’ ने अपने बयान में कहा कि माननीय उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। मैंने उन्हें अलीनगर की जनता की ओर से मकर संक्रांति की बधाई दी। इस वार्ता के दौरान मेरा मुख्य जोर अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास पर रहा। मैंने उन्हें विस्तार से बताया कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़कें, पुल-पुलिया और सिंचाई से जुड़ी परियोजनाएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनका पूरा होना स्थानीय किसानों और आम जनता के लिए बेहद जरूरी है। अलीनगर की जनता भाजपा और एनडीए सरकार से काफी उम्मीदें रखती है और मैंने उनकी आवाज को मजबूती से उपमुख्यमंत्री जी के सामने रखा है। मुझे खुशी है कि माननीय उपमुख्यमंत्री जी ने मेरी बातों को बड़ी गंभीरता से सुना। उन्होंने स्पष्ट आश्वासन दिया है कि अलीनगर के विकास के लिए बजट और सहयोग की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उनका यह सकारात्मक रुख क्षेत्र के सुनहरे भविष्य के प्रति हमारा आत्मविश्वास बढ़ाता है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार बिहार के हर क्षेत्र के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अलीनगर से संबंधित फाइलों की समीक्षा करने और विकास कार्यों में तेजी लाने का भरोसा भी दिया।
इस मुलाकात के दौरान क्षेत्र के अन्य कई स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई।