नेहरू स्टेडियम में ‘उमंग–2026’ की धूम, तीन जिलों के 150 पॉलिटेक्निक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा। प्रमंडल स्तरीय राजकीय पॉलिटेक्निक के तत्वावधान में गुरुवार को नेहरू स्टेडियम, पोलो मैदान में खेलकूद उमंग–2026 का आयोजन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिससे पूरे मैदान में उत्साह और उमंग का माहौल बन गया।

खेल महोत्सव में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिले के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों के कुल 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने के साथ-साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना रहा।

उमंग–2026 की शुरुआत एथलेटिक्स और दौड़ प्रतियोगिता से हुई। इसके बाद क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन, शतरंज के साथ ड्राइंग व पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और लगन के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन तीनों जिलों के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों के प्राचार्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर दरभंगा पॉलिटेक्निक के प्राचार्य ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को नियमित रूप से कराने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति, खेल विभाग और सभी प्रतिभागियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

मौके पर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, दरभंगा के प्राचार्य डॉ. आनंद प्रकाश तिवारी, जिला खेल पदाधिकारी परिमल, नीरज कुमार झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।