मकर संक्रांति पर मानवता की मिसाल, समाजसेवी रामा शंकर प्रसाद सिंह ने 200 से अधिक जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल

दस्तक7मिडिया, कुशेश्वरस्थान।

मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जहां लोग उत्सवों में मग्न थे, वहीं कुशेश्वरस्थान प्रखंड की भदहर पंचायत के नदियामी गांव में समाजसेवा और मानवता की एक अनुपम मिसाल देखने को मिली। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी रामा शंकर प्रसाद सिंह ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए अपने पैतृक गांव नदियामी सहित आसपास के क्षेत्रों के गरीबों, विकलांगों और असहाय परिवारों के बीच कंबल और चूड़ा-मुरी का वितरण किया।
इस सेवा कार्यक्रम के माध्यम से नदियामी, छोटी भदहर, महरी और महरी डीह गांवों के 200 से अधिक जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए गए। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच कंबल पाकर बुजुर्गों और महिलाओं के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामा शंकर प्रसाद सिंह ने भावुक स्वर में कहा मकर संक्रांति आपसी प्रेम और सेवा का संदेश देती है। समाज का विकास तब तक अधूरा है, जब तक अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति सुरक्षित और सम्मानित महसूस न करे। राजनीति मेरे लिए सत्ता की कुर्सी नहीं, बल्कि जनता की सेवा का एक पवित्र माध्यम है। उन्होंने आगे संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे जीवनपर्यत बेसहारा और दलित परिवारों के सम्मान की रक्षा के लिए कार्य करते रहेंगे।