बदमाशों का आतंक,उजले रंग के स्कार्पियो पर पांच लोग आये पुलिस बनकर घर से पांच खस्सी लूटे ,थानाध्यक्ष को दिया आवेदन।
दस्तक 7 मीडिया दरभंगा
बहेड़ी थाना क्षेत्र के बिठौली गांव में बीती रात एक गंभीर और डराने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी मोहम्मद याकूब के घर के सामने बदमाशों ने छुरा के बल पर पांच खस्सी लूट कर आराम से फरार हो गये। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,बिठौली गांव निवासी मोहम्मद याकूब,पिता स्वर्गीय मोहम्मद फिरोज ने बताया कि 12 जनवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे एक उजले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी उनके घर के सामने आकर रुकी। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर मिटा हुआ था,जिससे नंबर पहचान में नहीं आ सका। गाड़ी में लगभग पांच लोग सवार थे। सभी के हाथ में डाइगर और छुरा जैसे धारदार हथियार थे। मोहम्मद याकूब के अनुसार,गाड़ी से उतरते ही उन लोगों ने कहा कि वे पुलिस के आदमी हैं और आरोप लगाने लगे कि गांव में शराब बेची जाती है। उन्होंने मोहम्मद याकूब और उनके परिवार को बातों में उलझाए रखा। परिवार ने साफ कहा कि वे लोग शराब नहीं बेचते हैं,लेकिन बदमाशों ने उनकी एक न सुनी। इसी दौरान बदमाशों ने घर के बाहर बंधी खस्सियों की रस्सी काट दी। मोहम्मद याकूब की चार खस्सी और उनके चचेरे भाई मोहम्मद अकरम हुसैन (पिता स्वर्गीय मोहम्मद जलील) की कुर्बानी के लिए रखी गई एक बड़ी खस्सी को जबरदस्ती गाड़ी में लाद लिया। जब परिवार के लोगों ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने छुरा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण परिवार के लोग कुछ नहीं कर सके। पीड़ित के अनुसार,लूटी गई सभी खस्सियों की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये है। बदमाश खस्सियों को लेकर फरार हो गए। बताया गया है कि इन बदमाशों की गाड़ी भगवान स्थान मंदिर चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे,घनश्याम के राइस मिल के कैमरे और पास के पेट्रोल पंप के कैमरे में देखी जा सकती है।
घटना के बाद मोहम्मद याकूब ने बहेरी थाना अध्यक्ष को आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि जल्द से जल्द मामले की जांच कर लूटी गई खस्सियों को बरामद किया जाए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। इस घटना के बाद गांव के लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर बदमाश ऐसे ही पुलिस बनकर लूटपाट करते रहे तो आम लोग सुरक्षित नहीं रहेंगे। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

