महारानी कामसुंदरी की समाधि पर बनेगा भव्य मंदिर, कुमार कपिलेश्वर सिंह ने दादी को दी श्रद्धांजलि

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

राज दरभंगा परिवार के सदस्य कुमार कपिलेश्वर सिंह ने माधवेश्वर परिसर स्थित महारानी कामसुंदरी की समाधि पर भव्य मंदिर निर्माण की घोषणा की है। सोमवार की देर रात दिल्ली से दरभंगा पहुंचे कुमार कपिलेश्वर सिंह मंगलवार को माधवेश्वर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी दादी महारानी कामसुंदरी की समाधि पर श्रद्धापूर्वक प्रणाम कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके उपरांत वे कल्याणी निवास पहुंचे और अपने बड़े भाई कुमार रत्नेश्वर सिंह से मुलाकात की। कल्याणी निवास में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि राज परिवार ही नहीं, बल्कि समूचे मिथिला और बिहार ने अपने अभिभावक को खो दिया है। यह क्षति अपूरणीय है और हम सभी गहरे शोक में हैं। उन्होंने कहा कि राज परिवार अपनी परंपराओं और संस्कारों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेगा तथा महारानी जी का श्राद्धकर्म विधि-विधान और परंपरा के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने स्पष्ट किया कि महारानी कामसुंदरी की समाधि पर शीघ्र ही एक भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान और स्मृतियों से जुड़ सकें।

कुमार कपिलेश्वर सिंह के दरभंगा आगमन के बाद कल्याणी निवास में श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। हजारों की संख्या में लोग महारानी को श्रद्धा-सुमन अर्पित करने पहुंचे। इस दौरान बेनीपुर के विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, केवटी के विधायक मुरारी मोहन झा, भाजपा नेता रंगनाथ ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री मीना झा, वीआईपी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बद्री पूर्वे सहित कई राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां उपस्थित रहीं। महारानी साहिबा द्वारा स्थापित महारानी कल्याणी महाविद्यालय परिवार के प्रतिनिधि भी कल्याणी निवास पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

महारानी के श्राद्धकर्म की तैयारियों को लेकर कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कल्याणी निवास में एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। बैठक में राज दरभंगा के प्रबंधक-सह-सचिव आशुतोष दत्ता, सहसचिव अमरकांत झा, मंजेश चौधरी, संतोष सिंह, बब्लू, राजीव प्रकाश मधुकर, प्रियांशु झा, कुमार निरुपम, जितेंद्र ठाकुर, सत्यम कुमार, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सपना भारती, प्रियंका झा, रामकृष्ण लाल दास, सुनील राय, राजू मंडल, अशोक मंडल, रंजन शर्मा, मनोज साह, मुकेश झा, प्रभाकर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर पूरे परिसर में शोक, श्रद्धा और सम्मान का वातावरण बना रहा।