भीषण ठंड का असर: दरभंगा में स्कूलों का समय बदला, 13 जनवरी से 10:30 से 3 बजे तक चलेंगी कक्षाएं

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में लगातार पड़ रही अत्यधिक ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी, दरभंगा के आदेश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल सहित) और कोचिंग संस्थानों के शैक्षणिक कार्यों के समय में बदलाव किया है।

जारी आदेश के अनुसार 13 जनवरी 2026 से सभी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक ही संचालित की जाएंगी। इससे पहले या बाद में कक्षाएं संचालित करने पर रोक रहेगी।

आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि छोटे बच्चों को सुबह की कड़ाके की ठंड से बचाया जा सके।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि वे उक्त आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें और अपने-अपने विद्यालयों में शैक्षणिक कार्यक्रमों का पुनर्निर्धारण करें।

हालांकि, प्री-बोर्ड, बोर्ड परीक्षा अथवा अन्य विशेष परीक्षाओं के लिए संचालित कक्षाएं एवं परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी, यानी परीक्षा संबंधी गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संचालित होंगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।