पत्रकार पेंशन की शर्तें हों सरल, 13 जनवरी से चलेगा ट्विटर अभियान,

बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की बैठक में संघर्ष का ऐलान

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, दरभंगा की जिला कार्यसमिति की बैठक सह मकर संक्रांति मिलन समारोह का आयोजन रविवार को सदर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के जिलाध्यक्ष अमरेश्वरी चरण सिन्हा ने की। बैठक में बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन नियमावली में संशोधन, पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं पीटीआई के संवाददाता प्रदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि पेंशन योजना पत्रकारों के जीवन से जुड़ा अहम विषय है। मौजूदा नियम और शर्तें इतनी जटिल हैं कि अधिकांश पत्रकार इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने यूनियन के माध्यम से जिला और राज्य स्तर पर आंदोलन तेज करने की जरूरत पर जोर दिया।

अतिथि वक्ता सदर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि संगठन में ही शक्ति होती है और एकजुट होकर किया गया प्रयास अवश्य सफल होता है। वहीं सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस और पत्रकार दोनों का कार्य समाज से जुड़ा है। दोनों ही आम लोगों के हित में कार्य करते हैं, ऐसे में अपनी बातों को संवैधानिक तरीके से रखना जरूरी है।

बैठक में शशि कुमार ‘नीलू’ ने चरणबद्ध आंदोलन चलाने का प्रस्ताव रखा। इस दौरान उपाध्यक्ष संजीव कुमार, मुकेश कुमार, पुनीत सिन्हा, सुनील कुमार मिश्रा, शशि भूषण चौधरी, ललित नारायण साह, इरफान अहमद पैदल, विशाल भंडारी, राजन कुमार, आशीष कुमार सिंह, प्रकाश झा, डॉ. शिव शंकर सिंह, राज कुमार गणेशन, दीपक कुमार झा, मनोज झा, आर्या शंकर, मनीष कुमार सिन्हा, सज्जाद अहमद खां, राकेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार, सुनील भारती समेत कई पत्रकारों ने अपने विचार रखे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पत्रकारों की मांगों को लेकर 13 जनवरी से ट्विटर अभियान चलाया जाएगा। अभियान की विस्तृत जानकारी रवि प्रकाश ने दी। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी सदस्यों का स्वागत मनोज कुमार ने किया। विषय प्रवेश एवं सह-संचालन महासचिव शशि मोहन भारद्वाज ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार चौधरी ने किया।