मिथिला रेंज के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने संभाली कमान, अपराधियों पर सख्ती और जनहित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
मिथिला रेंज के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने संभाली कमान, अपराधियों पर सख्ती और जनहित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
मिथिला रेंज के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने संभाली कमान, अपराधियों पर सख्ती और जनहित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
मिथिला रेंज के नवपदस्थापित डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने रविवार को औपचारिक रूप से तात्कालीन डीआईजी स्वप्ना गौतम मेश्राम से प्रभार ग्रहण कर लिया। प्रभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम लोगों को न्याय का अहसास कराना भी है।
डीआईजी तिवारी ने कहा कि कानून का पालन कराना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ काम किया जाएगा।
शराबबंदी कानून को लेकर डीआईजी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि शराब के साथ-साथ टैबलेट और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन व तस्करी में शामिल लोगों पर भी कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा है और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस संबंध में सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
यातायात व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवालों पर डीआईजी तिवारी ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। बाइक के वन-वे परिचालन को लेकर उन्होंने कहा कि इसकी समीक्षा की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर वरीय पुलिस अधीक्षक से भी विचार-विमर्श किया गया है।
भूमि माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को भी डीआईजी ने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि अवैध जमीन कारोबार में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराध नियंत्रण को लेकर उन्होंने कहा कि जिले में पहले से बेहतर पुलिसिंग हो रही है, जिसे और मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
डीआईजी तिवारी ने आम जनता से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों को बिना किसी डर के पुलिस के समक्ष रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता द्वारा दी गई सूचनाओं को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और समय पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि गलत या झूठे आरोपों के साथ आवेदन देने वालों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है और इसी दिशा में मिथिला रेंज पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।