राष्ट्रीय युवा दिवस पर नशा मुक्त भारत अभियान, जेल व स्कूलों में चला जागरूकता कार्यक्रम

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, छात्रों और काराधीन बंदियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी देना रहा।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर मंडल कारा, दरभंगा में काराधीन बंदियों के बीच पैनल अधिवक्ता मनीष कुमार ने जागरूकता सत्र आयोजित किया। वहीं मुकुंदी चौधरी उच्च विद्यालय में अर्जुन राम, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय बेनीपुर में विनोद कुमार मिश्र तथा ओंकार उच्च विद्यालय बिरौल में शोभाकांत सिंह ने विधिक साक्षरता क्लब के छात्र-छात्राओं को नालसा डान (Drug Abuse & Narcotics) स्कीम की जानकारी दी।

वक्ताओं ने बताया कि नालसा डान स्कीम भारत को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। इस योजना के तहत नशीली दवाओं के दुरुपयोग और तस्करी के विरुद्ध कानूनी सहायता, जागरूकता एवं पुनर्वास की व्यवस्था की गई है। साथ ही नशे से पीड़ित व्यक्तियों और उनके परिवारों को आवश्यक कानूनी सहयोग भी प्रदान किया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान नशे के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त बंदियों को प्ली बार्गेनिंग, निःशुल्क विधिक सेवाओं हेतु नालसा जागृति स्कीम, बाल विवाह रोकथाम के लिए नालसा आशा स्कीम तथा भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिए नालसा वीर परिवार योजना की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के संचालन में कारा उपाधीक्षक नारायण हिमांशु, नंदू कुमार चौधरी, क्लब के प्रभारी शिक्षक डॉ. गुलाम रब्बानी खान एवं पुरुषोत्तम कुमार, पीएलवी सुरेंद्र कुमार मंडल, मधुलता देवी, सीमा कुमारी तथा विजय कुमार महतो सहित अन्य ने सक्रिय सहयोग किया।