मकर संक्रांति महोत्सव को लेकर प्रशासन तैयार, तीन दिवसीय आर्ट वर्कशॉप का होगा आयोजन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मकर संक्रांति महोत्सव 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव को सांस्कृतिक और कलात्मक रूप से आकर्षक बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मकर संक्रांति महोत्सव के अवसर पर 13 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक प्रेक्षागृह, दरभंगा में तीन दिवसीय फाइन आर्ट वर्कशॉप एवं लिप्पन आर्ट वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 30-30 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है।

कार्यशाला में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 10 जनवरी 2026 को अपराह्न 4 बजे तक जिला कला एवं सांस्कृतिक कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कार्यशाला का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी हो सके।

इसके अलावा मकर संक्रांति के दिन 14 जनवरी को अपराह्न 12:30 बजे पोलो मैदान, लहेरियासराय में पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से पतंगबाजी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मकर संक्रांति महोत्सव के माध्यम से जिले की सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित किया जाएगा और युवाओं को अपनी कला प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।