शहीद परमवीर अब्दुल हमीद चौक का हुआ भव्य उद्घाटन

दस्तक 7 मीडिया/

दरभंगा शहर के वार्ड संख्या 20 में स्थित शहीद परमवीर अब्दुल हमीद चौक का उद्घाटन बहुत ही सम्मान और उत्साह के माहौल में किया गया। इस मौके पर नगर निगम की महापौर अंजुम आरा,उपमहापौर नाजिया हसन और वार्ड 20 की पार्षद नुसरत परवीन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर चौक का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे,जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और गर्व से भर गया। उद्घाटन समारोह में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए। इनमें पूर्व पार्षद डब्बू खान,वर्तमान पार्षद राजीव सिंह,राकेश पासवान,रियासत अली और निसार आलम प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा खुसरुल हसन,तमन्ना अली,मन्नू राम,बदरुल खान,फूल हसन,मोहम्मद अजहर सहित सैकड़ों स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया। सभी लोगों में शहीद परमवीर अब्दुल हमीद के प्रति सम्मान और गर्व की भावना साफ दिखाई दे रही थी। शहीद परमवीर अब्दुल हमीद चौक का सौंदर्यकरण बहुत ही सुंदर और व्यवस्थित तरीके से किया गया है। चौक को इस तरह से सजाया और विकसित किया गया है कि आने-जाने वाले लोग रुककर शहीद को याद करें और उनसे प्रेरणा लें। इस पूरे कार्य की निगरानी वार्ड 20 के पार्षद प्रतिनिधि डॉ. जमाल हसन द्वारा की गई। उनके प्रयासों की कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की और इसे एक सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर डॉ. जमाल हसन ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद परमवीर अब्दुल हमीद ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि इस चौक का सौंदर्यकरण शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि है और यह आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और त्याग की सीख देगा। उन्होंने सभी लोगों से शहीद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में शहीद परमवीर अब्दुल हमीद को नमन किया गया और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ समारोह का समापन हुआ। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक सोच और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।