जनता कोशी महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं को लेकर एबीवीपी का आंदोलन, प्रधानाचार्य को सौंपा गया मांगपत्र
दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), बिरौल इकाई द्वारा कॉलेज अध्यक्ष सूरज सिंह के नेतृत्व में जनता कोशी महाविद्यालय में व्याप्त छात्रहित से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर एक सशक्त पहल की गई। परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में छात्रों की मूलभूत आवश्यकताओं की अनदेखी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए एक विस्तृत ज्ञापन तैयार किया तथा उसे महाविद्यालय के प्रधानाचार्य को औपचारिक रूप से सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से एबीवीपी ने महाविद्यालय में काउंटर व्यवस्था की अनियमितता, पुस्तकालय की अव्यवस्था, सुरक्षा के लिए गार्ड की अनुपलब्धता, फिटनेस जिम का संचालन न होना तथा एनसीसी इकाई के अभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। परिषद का कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में छात्रों को शैक्षणिक, शारीरिक एवं अनुशासनात्मक विकास में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलेज अध्यक्ष सूरज सिंह ने कहा कि जनता कोशी महाविद्यालय क्षेत्र का एक प्रमुख शिक्षण संस्थान है, लेकिन यहां छात्रों को आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो विद्यार्थी परिषद छात्रहित में आंदोलनात्मक कदम उठाने को विवश होगी।

