बहेड़ी बायपास निर्माण कार्य का विधायक विनय कुमार चौधरी ने किया निरीक्षण

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

जिले के बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बहेड़ी प्रखंड में दूसरे बायपास सड़क के निर्माण कार्य में तेजी आने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। यह बायपास सड़क बनने से बहेड़ी बाजार और आसपास के इलाकों में लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे लेकर आम लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। शनिवार को क्षेत्र के विधायक प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी ने स्वयं बायपास सड़क निर्माण कार्य का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अभियंता और संवेदक को निर्माण कार्य में और तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि तय समय सीमा के भीतर सड़क निर्माण कार्य पूरा होना चाहिए ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। बताया जाता है कि पिछले पांच वर्षों में विधायक प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी की पहल पर बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र की छोटी-बड़ी सड़कों का कायाकल्प किया गया है। पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत बहेड़ा-बहेड़ी,बहेड़ा-झंझारपुर,बेनीपुर-बिरौल-कुशेश्वरस्थान और बेनीपुर-दरभंगा सड़कों का दोहरीकरण कर निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। इससे क्षेत्र में आवागमन काफी सुगम हो गया है। वहीं बेनीपुर-बिशनपुर और नारबांध-मृतुजापुर सड़क को भी पथ निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृति मिल चुकी है और इन सड़कों के लिए निविदा की प्रक्रिया चल रही है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास विजन के अनुरूप ग्रामीण सड़कों का निर्माण और रखरखाव का कार्य लगातार जारी है। इसका सीधा लाभ ग्रामीण इलाकों के लोगों को मिल रहा है और अब विधानसभा क्षेत्र में आना-जाना आसान हो गया है। बेनिपुर,बहेड़ा और बहेड़ी बाजार में रोजाना लगने वाले जाम की समस्या को विधायक विनय कुमार चौधरी ने गंभीरता से लिया है। इसी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने दो अलग-अलग बायपास सड़कों की स्वीकृति न केवल दिलाई,बल्कि निर्माण कार्य पर लगातार नजर भी रख रहे हैं। बेनीपुर और बहेड़ा बाजार को जाम से मुक्त कराने के लिए जरिसो से भरत चौक तक बनने वाला बायपास सड़क अब अंतिम चरण में है। इसी तरह बहेड़ी बाजार को जाम से निजात दिलाने के लिए समधपुरा से कुमिया तक, बहेड़ी कर्पूरी चौक होते हुए बनने वाले बायपास सड़क का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अभियंता और संवेदक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि कार्य समय पर और सही तरीके से पूरा हो सके।
इस अवसर पर विधायक प्रोफेसर विनय कुमार चौधरी ने बताया कि बहेड़ी बायपास सड़क का निर्माण करीब 5 किलोमीटर लंबा होगा। इसके लिए लगभग 100 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। इस परियोजना के अंतर्गत 8 छोटी पुलियों और 4 बड़े पुलों का निर्माण किया जाएगा। सड़क निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए छह महीने का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क बन जाने के बाद बहेड़ी के लोगों को हमेशा के लिए जाम की समस्या से राहत मिल जाएगी।निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अखिलेश कुमार, युवा जदयू जिलाध्यक्ष राम शंकर सिंह,गजेंद्र प्रसाद सिंह,डॉ.रौशन झा,संतोष साह,चंदन कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद थे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य को क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।