आसी महादेव मंदिर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की धूम: नन्हे हाथों ने प्रज्ज्वलित किए आस्था के दीप

दस्तक7मिडिया, बिरौल ,दरभंगा।

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के पावन अवसर पर शनिवार को गौड़ा बौराम प्रखंड अंतर्गत आसी महादेव मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास के दीपों से जगमगा उठा। इस विशेष अवसर पर छोटे बच्चों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया, जो श्रद्धा और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम रहा। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण बच्चों का उत्साह रहा। कृतिका झा, हर्षिता झा, साक्षी कुमारी, सुनीता कुमारी, पुष्पा कुमारी, अनुष्का कुमारी, अम्बिका कुमारी और प्रिया कुमारी सहित अन्य बच्चों ने मिलकर मंदिर प्रांगण में घी के दीपक जलाए।

बच्चों के इन नन्हे हाथों से प्रज्ज्वलित दीपों ने न केवल मंदिर को आलोकित किया, बल्कि नई पीढ़ी में अपनी सनातन संस्कृति और स्वाभिमान के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। दीप प्रज्ज्वलन के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में धार्मिक संस्कारों का बीजारोपण होता है और वे अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी अटूट आस्था का प्रतीक है। बच्चों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करना इस बात का प्रमाण है कि हमारी आने वाली पीढ़ी अपनी विरासत को संभालने के लिए तैयार है।