अपराध नियंत्रण में बिहार पुलिस की बड़ी कामयाबी, 2025 की उपलब्धियों पर डीजीपी विनय कुमार का संवाददाता सम्मेलन
अपराध नियंत्रण में बिहार पुलिस की बड़ी कामयाबी, 2025 की उपलब्धियों पर डीजीपी विनय कुमार का संवाददाता सम्मेलन
अपराध नियंत्रण में बिहार पुलिस की बड़ी कामयाबी, 2025 की उपलब्धियों पर डीजीपी विनय कुमार का संवाददाता सम्मेलन
दस्तक 7मीडिया /पटना
बिहार पुलिस के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार द्वारा अपराध नियंत्रण को लेकर वर्ष 2025 में बिहार पुलिस की उपलब्धियों पर एक महत्वपूर्ण संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध पर नियंत्रण और साइबर अपराध के खिलाफ की गई कार्रवाई की विस्तार से जानकारी दी।
डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि बिहार पुलिस ने बीते वर्ष अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए हैं। खासतौर पर साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए राज्य के सभी जिलों में साइबर थाना सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इन साइबर थानों की कमान ऐसे पुलिस उपाधीक्षकों को सौंपी गई है, जो आईटी, कंप्यूटर एवं इलेक्ट्रॉनिक विषयों में ग्रेजुएट हैं, जिससे तकनीकी अपराधों की जांच और त्वरित कार्रवाई को मजबूती मिली है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियानों में 1050 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। इसके साथ ही साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड और अंतरजिला एवं अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय कई बड़े साइबर नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
डीजीपी ने कहा कि बिहार पुलिस तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साइबर अपराध से पीड़ित लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए थानों की क्षमता बढ़ाई गई है और पुलिसकर्मियों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज से बचें और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी साइबर थाना या पुलिस को सूचना दें।
डीजीपी श्री कुमार ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और राज्य को सुरक्षित बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।