शीतलहर के कारण दरभंगा जिले में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल और कोचिंग बंद
शीतलहर के कारण दरभंगा जिले में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल और कोचिंग बंद
शीतलहर के कारण दरभंगा जिले में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल और कोचिंग बंद
दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /
जिले में जारी शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। यह आदेश जिला दंडाधिकारी,दरभंगा के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी,दरभंगा द्वारा जारी किया गया है। आदेश के अनुसार,दरभंगा जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों,प्री-स्कूल,मदरसा,संस्कृत विद्यालय और सभी कोचिंग संस्थानों में कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई 11 जनवरी 2026 तक बंद रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय बच्चों के हित में लिया गया है,क्योंकि छोटे बच्चे ठंड से जल्दी प्रभावित होते हैं। अत्यधिक ठंड के कारण सर्दी,खांसी,बुखार और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
हालांकि,आदेश में यह भी कहा गया है कि विद्यालयों में शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी पूर्व निर्धारित समय के अनुसार उपस्थित रहेंगे और प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन करेंगे। केवल विद्यार्थियों की कक्षाएं ही स्थगित रहेंगी। इस आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी प्रारंभिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों,निजी विद्यालयों के प्राचार्यों,मदरसा एवं संस्कृत विद्यालयों के प्रधानों,कोचिंग संस्थानों के प्रबंधकों को भेज दी गई है। साथ ही सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी,जिला कार्यक्रम पदाधिकारी,अनुमंडल पदाधिकारी,प्रखंड विकास पदाधिकारी और सभी थानाध्यक्षों को भी इसकी जानकारी दी गई है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि इस आदेश की जानकारी व्यापक रूप से आम जनता तक पहुंचाई जाए,ताकि अभिभावकों और छात्रों को किसी तरह की भ्रम की स्थिति न हो।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाएं और अनावश्यक रूप से बाहर न भेजें। मौसम की स्थिति सामान्य होने पर आगे की समीक्षा कर नया आदेश जारी किया जाएगा।