अत्यधिक ठंड के कारण समस्तीपुर जिले में कक्षा 1 से 6 तक के स्कूल बंद

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /गुड्डू राज 

समस्तीपुर जिले में लगातार बढ़ती ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर ठंड के प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 6 तक की पढ़ाई पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। जिला दण्डाधिकारी रोशन कुशवाहा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, समस्तीपुर जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में कक्षा 1 से 6 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियाँ बंद रहेंगी। यह आदेश 10 जनवरी 2026 से लागू होगा और 13 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। जिला प्रशासन का कहना है कि इस समय जिले में अत्यधिक ठंड पड़ रही है, जिससे छोटे बच्चों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि, प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए चलाई जा रही विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी। यानी जिन विद्यार्थियों की बोर्ड या प्री-बोर्ड परीक्षा से संबंधित कक्षाएं चल रही हैं, वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होंगी।
जिला दण्डाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
इस आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, मदरसा और निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भेज दी गई है। इसके साथ ही वरीय पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) को भी इसकी सूचना दी गई है।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को भी आदेश दिया गया है कि इस निर्णय की जानकारी आम जनता तक पहुँचाई जाए, ताकि अभिभावकों और छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियाँ बरतें और अनावश्यक रूप से उन्हें घर से बाहर न निकलने दें। मौसम सामान्य होने पर आगे की स्थिति की समीक्षा कर नया निर्णय लिया जाएगा।