आयुक्त की सख्ती: विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 48 घंटे में मांगी प्रगति रिपोर्ट
आयुक्त की सख्ती: विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 48 घंटे में मांगी प्रगति रिपोर्ट
आयुक्त की सख्ती: विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 48 घंटे में मांगी प्रगति रिपोर्ट
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा प्रमण्डल में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को प्रमण्डलीय सभागार, दरभंगा में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य एवं भवन निर्माण विभाग की योजनाओं की गहन समीक्षा की।
बैठक में आयुक्त ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यरत योजनाओं का विवरण, निर्धारित समय-सीमा, लक्ष्य के अनुरूप अब तक हुई प्रगति का प्रतिशत तथा शेष कार्यों की स्पष्ट जानकारी 48 घंटे के भीतर उपलब्ध कराएं।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिया कि जहां सड़क निर्माण के दौरान पुल-पुलिया की आवश्यकता है, वहां समय पर उनका निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में जलजमाव की समस्या न हो और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक में माननीय मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने निर्देश दिया कि इन घोषणाओं के तहत स्वीकृत योजनाओं की अद्यतन स्थिति, शुरू हो चुके कार्यों और विलंबित योजनाओं का विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने सभी अभियंताओं को इन योजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करने का सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी-सह-क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य सहित दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों के संबंधित अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।