जनता के दरबार में कई मामलों का हुआ त्वरित समाधान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित जनता के दरबार में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

जनता के दरबार के दौरान अपर समाहर्ता ने फरियादियों की समस्याओं को बड़े धैर्यपूर्वक सुना और कई मामलों का त्वरित निष्पादन किया। वहीं जिन आवेदनों का तत्काल समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

इस दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग, परिवहन विभाग एवं राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों को लेकर बड़ी संख्या में परिवादी उपस्थित हुए।

अपर समाहर्ता ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को समयबद्ध रूप से राहत मिल सके।

जनता के दरबार में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नोडल आईटी सेल की पूजा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।