दरभंगा में दर्दनाक हादसा: घर में आग लगने से बुजुर्ग की जलकर मौत, इलाके में शोक
दरभंगा में दर्दनाक हादसा: घर में आग लगने से बुजुर्ग की जलकर मौत, इलाके में शोक
दरभंगा में दर्दनाक हादसा: घर में आग लगने से बुजुर्ग की जलकर मौत, इलाके में शोक
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत पंचायत टीकापट्टी देकुली के ग्राम देकुली चट्टी में गुरुवार की रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। घर में अचानक आग लगने से चंद्रराम (65 वर्ष), पिता स्वर्गीय लालचंद राम की जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
रात करीब 11 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 11:00 बजे चंद्रराम अपने घर में मौजूद थे, तभी अचानक घर में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते और बचाव की कोशिश करते, तब तक चंद्रराम आग की चपेट में आ चुके थे। गंभीर रूप से झुलसने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
प्रशासन को दी गई सूचना
घटना की जानकारी पूर्व मुखिया गोपाल ठाकुर द्वारा बहादुरपुर के अंचल अधिकारी को दूरभाष के माध्यम से दे दी गई है। उन्होंने बताया कि सूचना सुबह होते ही प्रशासन को दी गई, ताकि पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता मिल सके।
शोक में डूबा परिवार और गांव
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत एवं मुआवजा देने की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।