ताजपुर थानाध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोपों की जांच शुरू, रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी अरविंद प्रताप सिंह

दस्तक 7मीडिया /

समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोपों के मामले में समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह बात सामने आई थी कि एक आरोपी के प्राइवेट पार्ट पर पेट्रोल डाला गया। इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

एसपी ने कहा कि जिनके यहां चोरी की घटना हुई है, उनके यहां तीन वर्ष पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। इस तरह की कई विवादास्पद बातें जांच के दौरान सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली थी कि दुकानदार या थाना स्तर पर किसी व्यक्ति को संदिग्ध बताया गया था और उस व्यक्ति के साथ मारपीट की गई थी। इस पूरे मामले की जांच के लिए सदर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में एक जांच दल का गठन किया गया है। जैसे ही जांच रिपोर्ट प्राप्त होगी, त्वरित कार्रवाई की जाएगी। थाना स्तर पर कुछ अधिकारियों को भी चिन्हित किया गया है और जांच रिपोर्ट आज शाम तक आ जाने की संभावना है।

एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि जो व्यक्ति सबसे पहले पीड़ित के रूप में सामने आया था, संभवतः उसके साथ  मारपीट की गई होगी । मारपीट के बाद भयवश उसने कुछ बातें स्वीकार की होंगी, लेकिन अग्रिम अनुसंधान में जैसे ही उसके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया, उसे थाने से बरी कर दिया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया के माध्यम से यह आरोप भी सामने आया है कि किसी के जरिए पैसे लेने की बात कही जा रही है। इस संबंध में कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें  इस तरह की स्पष्ट बाते नहीं आयी है। इसके बावजूद इस बिंदु पर भी जांच के आदेश दिए गए हैं।

एसपी ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति का जहां पहले इलाज हुआ था और जहां से उसे रेफर किया गया, वहां से यह जानकारी उन्हें  थाने के माध्यम से मिली थी कि वह उस समय फिट था। सदर अस्पताल या रेफर किए गए अस्पताल से प्राप्त होने वाली मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। परिवार की ओर से जो भी आवेदन प्राप्त होगा, उसके आधार पर विधिसम्मत शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी