बाल विवाह मुक्त समाज निर्माण के लिए ली गई शपथ,100 दिवसीय अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से मिटाने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण के संकल्प के साथ आज प्रखंड सह अंचल कार्यालय बिरौल के सभागार में एक भव्य जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष, शिव गोपाल मिश्र के कुशल निर्देशन में चलाया जा रहा है।
यह आयोजन ‘100 (सौ) दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को बाल विवाह के कानूनी और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। पंचायत फैसिलिटेटर निशा कुमारी और अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को पंचायत, प्रखंड और पूरे जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाल संरक्षण और बाल विवाह के दोषों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों और सरकारी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिनमें मुख्य रूप से एल एस रितु जायसवाल और फजाना प्रवीण।महिला पर्यवेक्षक,साधना कुमारी, मुन्नी कुमारी गौड़ी और किरण कुमारी के अलावा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं और पी एल वी ओम प्रकाश शामिल थे। इस दौरान वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के सुनहरे भविष्य और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ भी है। सभी उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को इसके खिलाफ जागरूक करेंगे ताकि एक बाल विवाह मुक्त समाज का सपना साकार हो सके।