अवैध संबंध और शराब के नशे में खूनी खेल, बिरौल पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार,

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के बलिया गांव निवासी राजेंद्र डोम की नृशंस हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना हथियार भी बरामद कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह अपर पुलिस अधीक्षक प्रभाकर तिवारी ने बताया कि 7 जनवरी 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि एस एच 17 पर सोनपुर और बलरा गांव के बीच सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। शाम करीब 5 बजे मृतक की पहचान बलिया निवासी राजेंद्र डोम पिता स्व.योगेश्वर डोम के रूप में उसकी मां मुन्नी देवी ने की।


पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई कि हत्या की जड़ में पुराना विवाद और अवैध संबंध थे। अभियुक्त अरुण मल्लिक ने स्वीकार किया कि कुछ समय पहले जब वह ‘अल्लाह रुदल’ के नाच प्रोग्राम में सिंघिया समस्तीपुर गया था, तब राजेंद्र डोम ने उसकी पत्नी फुलदाय देवी को भुस्कौल में मेला दिखाने के बहाने ले जाकर किसी अन्य व्यक्ति उमेश मल्लिक से मिलवाया था। इस दौरान हुए अवैध संबंधों की जानकारी मिलने के बाद से ही अरुण,राजेंद्र से रंजिश रखने लगा था।
अभियुक्त अरुण मल्लिक ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए पुलिस को बताया कि, 6 जनवरी की रात बजरंग चौक पर कुशेश्वर मल्लिक और अमरजीत मल्लिक के घर पर चारों राजेंद्र और तीन अभियुक्त ने मिलकर शराब पी। अत्यधिक नशे की हालत में पुरानी बातों को लेकर गाली-गलौज और बहस शुरू हो गई। इसके बाद वे टेंपो से सोनपुर सड़क की ओर गए, जहां फिर से शराब पी गई।विवाद बढ़ने पर अमरजीत मल्लिक ने अपने पास रखे धारदार हथियार से राजेंद्र के पेट में वार कर दिया। जब राजेंद्र चिल्लाने लगा, तो अरुण और कुशेश्वर ने गमछा से उसका मुंह और गला दबाकर उसे सड़क के नीचे खींच लिया। इसके बाद अरुण मल्लिक ने राजेंद्र के पेट पर हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस की ‘112’ वाहन की गश्ती गाड़ी को देखकर वे वहां से भाग निकले। एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी टीम, जिसमें थानाध्यक्ष चंद्रमणि, मुन्नी कुमारी, शशिभूषण रजक, एएसआई राजीव कुमार और अन्य शामिल थे,ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों को दबोच लिया। अमरजीत मल्लिक की निशानदेही पर उसके घर से हत्या में प्रयुक्त खून से सना हथियार भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त अरुण मल्लिक,ग्राम गनौनी,अमरजीत मल्लिक,ग्राम
बजरंग चौक परसरमा,कुशेश्वर मल्लिक, ग्राम गनौनी, सभी थाना बड़गांव, जिला दरभंगा का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बिरौल थाना कांड संख्या 19/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) /238 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।